(रूपाली दीक्षित)
ताइपे, चार जून (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सर्च इंजन परप्लेक्सिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरविंद श्रीनिवास ने ऐसे एआई सिस्टम की परिकल्पना पेश की है, जो कई एआई मॉडल, उपकरण और फाइल को एक साथ जोड़कर काम कर सके। साथ ही गोपनीयता, लागत व प्रदर्शन का संतुलन बनाए रखे।
‘कंप्यूटेक्स 2026’ में इंटेल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लिप-बू टैन के मुख्य भाषण सत्र के दौरान श्रीनिवास ने बताया कि इस वर्ष पेश किया गया ‘‘परप्लेक्सिटी कंप्यूटर’’ ऐसा सिस्टम है, जो कम से कम 20 कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडल का उपयोग और विभिन्न उपकरणों व फाइल के बीच कार्यों का समन्वय कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह एजेंट का एक दल बनाता है, कम से कम 20 अलग-अलग एआई मॉडल का उपयोग करता है और एक ही सिस्टम में मॉडल, उपकरण और फाइल के बीच समन्वय करता है।’’
यह कार्यक्रम ताइवान एक्सटर्नल ट्रेड डेवलपमेंट काउंसिल द्वारा आयोजित किया गया था।
श्रीनिवास की टिप्पणी से संकेत मिलता है कि एआई उद्योग में अब कुछ कार्यों को व्यक्तिगत उपकरणों पर चलाने और अधिक जटिल कार्यों के लिए डेटा सेंटर का इस्तेमाल जारी रखने पर ध्यान बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आज हम जो दिखा रहे हैं, वह महज शुरुआत है।’’ साथ ही उन्होंने भविष्य में डेटा सेंटर तथा स्थानीय मशीनों दोनों में अधिक कंप्यूटिंग शक्ति के उपयोग पर जोर दिया।
श्रीनिवास ने इस तकनीक को एआई और चिप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और इंटेल के साथ साझेदारी के लिए आभार जताया।
इससे पहले अपने मुख्य भाषण में लिप-बू टैन ने कहा कि एआई लोगों के उपकरणों के उपयोग के तरीके को बदल रहा है और ‘डिवाइस’ पर चलने वाले एआई पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा