विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से हारकर सिंधू इंडोनेशिया ओपन से बाहर

Ads

विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से हारकर सिंधू इंडोनेशिया ओपन से बाहर

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:45 AM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:45 AM IST

जकार्ता, चार जून (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को लगातार दूसरे सप्ताह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा जिससे वह गुरुवार को यहां इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

सिंधू पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी से हार गई थीं। सिंधू ने इंडोनेशिया ओपन के राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया और आखिर में 17-21, 14-21 से हार गईं।

इस हार से सिंधू की ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ हार का सिलसिला 10 मैच तक बढ़ गया। भारतीय खिलाड़ी अभी तक आन के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

पहले गेम के शुरू में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की। एक समय स्कोर 10-10 पर बराबर था। इस दौरान सिंधू ने अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की झलक दिखाई और कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में कामयाब रहीं।

सिंधू अपने आक्रामक स्ट्रोकप्ले के दम पर 15-14 से आगे निकल गई, लेकिन आन ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए लगातार अंक हासिल किए और 19-16 की बढ़त बना ली।

इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीते और पहला गेम अपने नाम कर लिया। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच 41 शॉट की रैली भी देखने को मिली।

आन ने दूसरे गेम में आक्रामक शुरुआत की और 13-6 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बावजूद प्रत्येक अंक के लिए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने इस बीच कुछ महत्वपूर्ण अंक भी हासिल किये।

लेकिन आन का कोर्ट कवरेज अच्छा था और उन्हें मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

भाषा

पंत

पंत