जर्मनी की कंपनी नागारो का अधिग्रहण करेगी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स

Ads

जर्मनी की कंपनी नागारो का अधिग्रहण करेगी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 05:45 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 05:45 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) पर्सिस्टेंट सिस्टम्स जर्मनी की डिजिटल इंजीनियरिंग कंपनी नागारो का अधिग्रहण करेगी। इस कदम से पर्सिस्टेंट एक वैश्विक एआई (कृत्रिम मेधा) आधारित डिजिटल इंजीनियरिंग कंपनी के रूप में उभरेगी, जिसका औसत वार्षिक राजस्व 2.9 अरब डॉलर होगा।

कंपनी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह विलय 2.9 अरब डॉलर की एआई आधारित इंजीनियरिंग दिग्गज कंपनी बनाएगा, जिसमें 40 से अधिक देशों में 46,000 से अधिक कर्मचारी होंगे। इनमें भारत में लगभग 37,000, उत्तरी अमेरिका में लगभग 3,500 और यूरोप में लगभग 3,000 कर्मचारी शामिल हैं।

इसमें कहा गया, ‘‘पर्सिस्टेंट सिस्टम्स लिमिटेड की पूर्ण अनुषंगी कंपनी, गैलेक्सी जर्मनी होल्डिंग एसई ने आज नागारो एसई के शेयरों के लिए 81 यूरो प्रति शेयर के नकद मूल्य पर स्वैच्छिक सार्वजनिक अधिग्रहण प्रस्ताव की घोषणा की।’’

यह प्रस्ताव एक समझौते पर हस्ताक्षर के बाद आया है।

नागारो का प्रबंधन और निरीक्षण बोर्ड इस सौदे का समर्थन करते हैं। वे पेशकश दस्तावेज की समीक्षा के बाद अपने शेयरधारकों को इस प्रस्ताव को स्वीकार करने की सिफारिश करेंगे।

गैलेक्सी जर्मनी ने नागरो के सबसे बड़े शेयरधारक के निवेश माध्यम, लेंटानो बेटेलिगंगेन के साथ बाध्यकारी शेयर खरीद समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत, लेंटानो ने नागारो में अपनी लगभग 21 प्रतिशत हिस्सेदारी गैलेक्सी जर्मनी को पेशकश मूल्य पर बेचने पर सहमति व्यक्त की है।

बयान के अनुसार, ‘‘प्रस्तावित विलय का उद्देश्य एक बड़े पैमाने पर, वैश्विक स्तर पर विविध एआई आधारित डिजिटल इंजीनियरिंग बनाना है, जिसकी उत्तरी अमेरिका और यूरोप में बड़ी उपस्थिति हो और दुनिया के बाकी हिस्सों में भी महत्वपूर्ण पहुंच हो।’’

संयुक्त पर्सिस्टेंट-नागारो समूह विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली उन कंपनियों को बेहतर ढंग से सहायता करने की स्थिति में होगा, जिन्हें स्थानीय और वैश्विक डिलीवरी मॉडल में एकीकृत एआई, इंजीनियरिंग, एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग, डेटा और क्लाउड क्षमताओं की आवश्यकता होती है।

भाषा रमण योगेश

योगेश