पीएनजीआरबी ने आईओसी की 425 किमी लंबी कोच्चि-थूथुकुडी गैस पाइपलाइन को मंजूरी दी

पीएनजीआरबी ने आईओसी की 425 किमी लंबी कोच्चि-थूथुकुडी गैस पाइपलाइन को मंजूरी दी

पीएनजीआरबी ने आईओसी की 425 किमी लंबी कोच्चि-थूथुकुडी गैस पाइपलाइन को मंजूरी दी
Modified Date: April 17, 2026 / 07:54 pm IST
Published Date: April 17, 2026 7:54 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) को कोच्चि-कन्याकुमारी-थूथुकुडी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने की मंजूरी दी है।

नियामक ने कहा कि प्रस्तावित पाइपलाइन केरल के कोच्चि एलएनजी टर्मिनल से तमिलनाडु के थूथुकुडी तक लगभग 425 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी क्षमता 68.4 लाख मानक घन मीटर प्रतिदिन होगी।

पीएनजीआरबी ने एक बयान में कहा कि इस परियोजना का मकसद कोच्चि से केरल और दक्षिणी तमिलनाडु के मांग केंद्रों तक पुनर्गैसीकरण एलएनजी पहुंचाकर दक्षिण भारत में गैस पारेषण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

पाइपलाइन से शहरी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार और औद्योगिक इकाइयों, बिजली संयंत्रों तथा अन्य उद्योगों को ईंधन की आपूर्ति में सहायता मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय ऊर्जा पहुंच में सुधार होगा।

नियामक ने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय गैस ग्रिड के साथ एकीकरण में भी मदद करेगी और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के व्यापक प्रयासों के तहत भारत के ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी बढ़ाने का समर्थन करेगी।

बयान में कहा गया, ”केटीपीएल पाइपलाइन दक्षिण भारत में प्राकृतिक गैस पारेषण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पाइपलाइन कोच्चि एलएनजी टर्मिनल से केरल और तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों के प्रमुख मांग केंद्रों तक पुनर्गैसीकरण एलएनजी पहुंचाएगी।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में