त्रिपुरा में बिजली दरें पांच से सात प्रतिशत तक बढ़ीं
त्रिपुरा में बिजली दरें पांच से सात प्रतिशत तक बढ़ीं
अगरतला, 24 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा राज्य बिजली निगम लिमिटेड (टीएसईसीएल) ने बिजली शुल्क में औसतन पांच से सात प्रतिशत की वृद्धि की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नई दरें एक अक्टूबर से प्रभावी होंगी।
कभी लाभ कमाने वाली सरकारी इकाई रही टीएससीईएल को वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान कुल 280 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है और चालू वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में इसे 80 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
टीएसईसीएल ने बिजली दरों में इससे पहले 2014 में बदलाव किया था। फिलहाल, पूर्वोत्तर राज्य में लगभग 10 लाख बिजली उपभोक्ता हैं।
टीएसईसीएल के प्रबंध निदेशक देबाशीष सरकार ने पीटीआई-भाषा से कहा, “सभी कारकों पर विचार करने और त्रिपुरा बिजली नियामक आयोग (टीईआरसी) के साथ परामर्श के बाद बिजली निगम को बचाने के लिए बिजली दरों में औसतन 5-7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।”
उन्होंने कहा कि बढ़ोतरी के पीछे मुख्य कारण गैस की कीमत में वृद्धि है। पिछले कुछ वर्षों में इसमें लगभग 196 प्रतिशत वृद्धि हो चुकी है।
सरकार ने कहा, “पहले, टीएसईसीएल गैस आधारित बिजली उत्पादन इकाइयों को चलाने के लिए प्रति माह गैस की खरीद पर 15 करोड़ रुपये खर्च करती थी, लेकिन अब यह खर्च बढ़कर 35-40 करोड़ रुपये मासिक हो गया है। बिजली दरों में बढ़ोतरी के अलावा कोई रास्ता नहीं है।”
भाषा अनुराग अजय
अजय

Facebook


