नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादन कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने म्यांमा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के समक्ष नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न नवाचार पहलें प्रदर्शित कीं, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
म्यांमा के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने रविवार को एनटीपीसी एनर्जी टेक्नोलॉजी रिसर्च अलायंस (नेट्रा) का दौरा किया। यह केंद्र ग्रेटर नोएडा में स्थित है।
एनटीपीसी ने बयान में कहा कि कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) गुरदीप सिंह ने राष्ट्रपति के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को कंपनी की विकास यात्रा तथा म्यांमा में उसकी पूर्व गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
सिंह ने अनुसंधान, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में एनटीपीसी की विभिन्न पहल की जानकारी दी।
एनटीपीसी ने कहा, “इस यात्रा ने नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, हरित हाइड्रोजन तथा अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन जैसी टिकाऊ प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही क्षमता निर्माण, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और टिकाऊ ऊर्जा समाधान विकसित करने के माध्यम से ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का मार्ग भी प्रशस्त किया।”
प्रतिनिधिमंडल ने नेट्रा की सुविधाओं का भी दौरा किया।
कंपनी के अनुसार, राष्ट्रपति ने एनटीपीसी की स्वच्छ ऊर्जा पहल में गहरी रुचि दिखाई।
बिजली मंत्रालय के अधीन कार्यरत एनटीपीसी देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादन कंपनी है, जो भारत की कुल ऊर्जा मांग का लगभग एक-चौथाई हिस्सा पूरा करती है। समूह स्तर पर कंपनी की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 90,667.8 मेगावाट है, जिसमें कोयला, गैस/तरल ईंधन, जलविद्युत और सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाएं शामिल हैं।
भाषा यासिर अजय
अजय