नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 30,024 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 76 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी द्वारा साझा किए गए परिचालन संबंधी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में आवासीय संपत्तियों की बेहतर मांग के कारण बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 7,697 करोड़ रुपये रही।
प्रेस्टीज एस्टेट्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक इरफान रजाक ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 का समापन मजबूती के साथ किया है।
उन्होंने बताया कि पूरे साल बिक्री की गति स्थिर बनी रही और चौथी तिमाही के नतीजे काफी बेहतर रहे।
रजाक ने कहा, ‘हमारे प्रमुख बाजारों में संपत्तियों की मांग उत्साहजनक रही है। गुणवत्ता, सही स्थान और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की हमारी प्रतिबद्धता पर ग्राहकों ने भरोसा जताया है।’
उन्होंने आगामी परियोजनाओं को देखते हुए मौजूदा वित्त वर्ष में भी इस गति को बनाए रखने की उम्मीद जताई है।
भाषा सुमित अजय
अजय