नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) देश के नौ प्रमुख बुनियादी उद्योगों का उत्पादन जून में बढ़कर पांच महीने के उच्चतम स्तर पांच प्रतिशत पर पहुंच गया। सीमेंट, बिजली और लौह अयस्क के उत्पादन में वृद्धि इसकी मुख्य वजह रही।
जून, 2025 में बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि 1.1 प्रतिशत और मई, 2026 में 3.2 प्रतिशत रही थी।
आंकड़े 2011-12 के स्थान पर 2022-23 को आधार वर्ष मानकर जारी किए गए हैं। सरकार ने सूचकांक में लौह अयस्क को शामिल किया है जिससे बुनियादी उद्योगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून में कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पादों और उर्वरक के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, सीमेंट और बिजली के उत्पादन में 9.8-9.8 प्रतिशत तथा नई श्रृंखला के तहत सूचकांक में शामिल किए गए लौह अयस्क के उत्पादन में 43.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में इन प्रमुख क्षेत्रों का उत्पादन 3.6 प्रतिशत बढ़ा जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में यह वृद्धि एक प्रतिशत रही थी।
भाषा निहारिका अजय
अजय