गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रवर्तकों ने 2025-26 में अपनी हिस्सेदारी पांच प्रतिशत बढ़ाई

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रवर्तकों ने 2025-26 में अपनी हिस्सेदारी पांच प्रतिशत बढ़ाई

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रवर्तकों ने 2025-26 में अपनी हिस्सेदारी पांच प्रतिशत बढ़ाई
Modified Date: March 13, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: March 13, 2026 4:00 pm IST

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड के प्रवर्तकों ने चालू वित्त वर्ष में खुले बाजार से 2,674 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी को पांच प्रतिशत बढ़ा दिया है।

वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत में कंपनी में प्रवर्तक समूह की हिस्सेदारी 46.67 प्रतिशत थी जो अब बढ़कर 51.67 प्रतिशत हो गई है। प्रवर्तकों ने 1,775 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर ये शेयर खरीदे हैं।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के कार्यकारी चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”पिछले कई वर्षों में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसी के कारण 2024 और 2025 दोनों में बिक्री के मामले में गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की सबसे बड़ी आवासीय डेवलपर बनी है। भविष्य की वृद्धि संभावनाएं भी बेहद रोमांचक हैं।”

इसके अलावा, गोदरेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रवर्तकों ने भी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी लगभग 2,000 करोड़ रुपये में 69.64 प्रतिशत से बढ़ाकर 74.64 प्रतिशत कर दी है। गोदरेज इंडस्ट्रीज की गोदरेज प्रॉपर्टीज में भी हिस्सेदारी है।

गोदरेज समूह की रियल एस्टेट शाखा गोदरेज प्रॉपर्टीज की गिनती देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में होती है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष के दौरान लगभग 30,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की, जो सूचीबद्ध रियल्टी कंपनियों में सबसे अधिक है। कंपनी चालू वित्त वर्ष 2025-26 में भी इस स्थिति को बरकरार रखने के लिए तैयार है।

कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए 32,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है। आवासीय संपत्तियों की मजबूत मांग के कारण चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों के दौरान कंपनी की बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत बढ़कर 24,008 करोड़ रुपये हो गई है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में