भगवंत मान का दावा, पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को मिलता है सबसे ज्यादा वेतन
भगवंत मान का दावा, पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को मिलता है सबसे ज्यादा वेतन
जालंधर, 27 अगस्त (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को देश के सभी सरकारी कर्मचारियों की तुलना में सबसे अधिक वेतन मिलता है।
मान ने यहां कहा, ‘‘अगर केंद्र किसी कर्मचारी को 30,000-32,000 रुपये देता है तो पंजाब सरकार उसे 50,000 रुपये देती है। यह बेहद गर्व और संतोष की बात है कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को सबसे अधिक वेतन देती है, जो प्रशासन की रीढ़ हैं।’’
मान का यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब सरकार के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित महंगाई भत्ते (डीए) को जारी करना भी शामिल है।
जालंधर में आयोजित कार्यक्रम में मान ने पंजाब पुलिस में शामिल होने वाले 1,746 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में पुलिस बल में 13,092 कर्मियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा 3,298 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
मान ने कहा कि अब तक 70,840 युवाओं को ‘न पैसा, न सिफारिश’ के सिद्धांत के तहत योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है।
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


