मुंबई, 27 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को बैंकिंग प्रणाली में छह दिन की वैरिएबल रेट रेपो’ (वीआरआर) नीलामी के जरिये 65,322 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली।
परिवर्तनीय रेपो दर नीलामी आरबीआई की बैंकों में अल्पकालिक नकदी डालने के लिए उपयोग की जाने वाली एक मौद्रिक नीति पहल है। निश्चित रेपो दर के उलट, वीआरआर में ब्याज दर नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित की जाती है, जिससे बैंकों को धनराशि के लिए बोली लगाने की अनुमति मिलती है।
केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा कि यह राशि 5.26 प्रतिशत की कट-ऑफ और 5.29 प्रतिशत की भारित औसत दर पर उपलब्ध कराई गई।
बैंकों में अग्रिम कर भुगतान और जीएसटी निकासी के कारण अधिशेष नकदी में तेज गिरावट के बावजूद डाली गई राशि 75,000 करोड़ रुपये की घोषित राशि से कम रही।
वर्तमान में 26 मार्च तक बैंकों में लगभग 48,698.38 करोड़ रुपये की अधिशेष नकदी होने का अनुमान है।
पिछले कुछ दिनों में केंद्रीय बैंक ने विभिन्न अवधियों की वीआरआर नीलामियों के माध्यम से बैंकों में 2,08,208 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली है।
भाषा योगेश रमण
रमण