रियल एस्टेट निकाय क्रेडाई का सम्मेलन अब एम्स्टर्डम की जगह भारत में
रियल एस्टेट निकाय क्रेडाई का सम्मेलन अब एम्स्टर्डम की जगह भारत में
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनियों के शीर्ष निकाय क्रेडाई ने बुधवार को अपने वार्षिक सम्मेलन का आयोजन स्थल एम्स्टर्डम से भारत स्थानांतरित करने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों के आह्वान के बाद क्रेडाई ने सम्मेलन स्थल में बदलाव किया है।
कनफेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (क्रेडाई) के प्रमुख सम्मेलन नैटकॉन-2026 का 23वां संस्करण अगस्त में एम्स्टर्डम में आयोजित होने वाला था। यह वार्षिक सम्मेलन आमतौर पर विदेश में होता है।
क्रेडाई ने बयान में कहा कि उसने सम्मेलन को एम्स्टर्डम (नीदरलैंड) से भारत में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए रविवार को ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों का आह्वान किया था।
उन्होंने हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कार ‘पूलिंग’ करने, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का अधिक उपयोग करने और घर से काम करने का सुझाव दिया।
क्रेडाई ने कहा, ‘‘यह निर्णय ‘पश्चिम एशिया संकट के बीच राष्ट्र हित को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की हाल की अपील का एक मजबूत समर्थन है। वह जल्द ही नैटकॉन 2026 के लिए भारत में मेजबान स्थल का चयन और घोषणा करेगा।’’
इस सम्मेलन में देश भर से 1,000 से अधिक प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियां, निवेशक, नीति निर्माता, आर्किटेक्ट, सलाहकार और उद्योग जगत से जुड़े लोग शामिल होते हैं। पिछले वर्ष यह सम्मेलन सिंगापुर में आयोजित किया गया था।
क्रेडाई के अध्यक्ष शेखर पटेल ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ने मौजूदा वैश्विक हालात के बीच नागरिकों और उद्योगों से जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्र हित को प्राथमिकता देने की अपील की है। ऐसे में रियल एस्टेट क्षेत्र में हमारा भी दायित्व बनता है कि हम इस दृष्टिकोण के साथ खड़े रहें और सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं।”
गौरतलब है कि क्रेडाई की स्थापना वर्ष 1999 में भारतीय रियल एस्टेट क्षेत्र को नई दिशा देने और आवास एवं शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई। आज संगठन 20 राज्यों के 230 शहरों में फैली 13,000 से अधिक रियल एस्टेट कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


