रियल एस्टेट कंपनियां बुनियादी ढांचे के लिए नगर निकायों के साथ मिलकर काम करें: सचिव डा तारा

Ads

रियल एस्टेट कंपनियां बुनियादी ढांचे के लिए नगर निकायों के साथ मिलकर काम करें: सचिव डा तारा

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 07:47 PM IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की सचिव डी. तारा ने शुक्रवार को रियल एस्टेट कंपनियों से अपने आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाओं के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा विकसित करने को लेकर नगर निकायों के साथ मिलकर काम करने को कहा।

उद्योग मंडल सीआईआई के रियल एस्टेट सम्मेलन को संबोधित करते हुए तारा ने कंपनियों से वर्षा जल संचयन, पानी के पुनर्चक्रण और दूषित जल शोधन जैसी सुविधाओं पर भी ध्यान देने को कहा।

उन्होंने कहा कि हर निर्माण परियोजना का आसपास के शहरी क्षेत्र पर असर पड़ता है। इसलिए डेवलपरों को परियोजना की सीमाओं से बाहर पड़ने वाले प्रभावों का भी आकलन करना चाहिए।

तारा ने कहा कि नगर निकायों और रियल एस्टेट कंपनियों के अधिकारियों के बीच संवाद की कमी है।

उन्होंने शहरी विकास में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के नए तरीके की जरूरत पर जोर दिया।

सीआईआई की राष्ट्रीय रियल एस्टेट एवं आवास समिति के सह-चेयरमैन और डीएलएफ रेंटल बिजनेस के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक श्रीराम खट्टर ने कहा कि रियल एस्टेट अब केवल इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समावेशी, जीवंत और टिकाऊ शहरी वातावरण तैयार करना भी है।

भाषा योगेश रमण

रमण