नागोया, 18 सितंबर (भाषा ) दो ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और शॉटपुट में गत चैम्पियन तेजिंदर पाल सिंह तूर को शुक्रवार को एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह के लिये भारत का ध्वजवाहक चुना गया ।
समारोह शनिवार को होना है । इसमें 158 सदस्यीय भारतीय दल भाग लेगा।
भारत के अभियान प्रमुख सहदेव यादव ने कहा ,‘‘ मनु भाकर एक ध्वजवाहक होंगी ।’’
बाद में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने पुष्टि की कि तूर दूसरे ध्वजवाहक होंगे ।
भारतीय दल के चार उप प्रमुखों में से एक और पूर्व निशानेबाज अंजली भागवत ने कहा कि भारतीय दल के 158 सदस्य उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो पदक जीते और वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बन गई थी।
तूर ने पिछले दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं ।
भाकर और तूर को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना जाना अपेक्षित था क्योंकि एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों में निशानेबाजी और एथलेटिक्स का बड़ा योगदान रहता है।
चीन के हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई खेलों (2023) में एथलेटिक्स ने भारत को 29 पदक (छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य) दिलाए थे, जबकि निशानेबाजी से भारत की झोली में 22 पदक (सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य) आए थे।
भारत ने पिछले एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण पदक शामिल थे।
तूर तोक्यो के पास स्थित त्सुकुबा विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण ले रहे हैं। भारतीय एथलेटिक्स दल के 74 सदस्य परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए जापान में शिविर के लिए देश से जल्दी रवाना हो गए थे।
भारतीय दल सोमवार को नागोया पहुंचेगा, लेकिन उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए तूर शनिवार को ही यहां पहुंच जाएंगे।
तूर ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की ओर से जारी वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि मैं भारतीय दल के ध्वजवाहकों में से एक रहूंगा। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने देश का ध्वजवाहक बने। यह सम्मान देने के लिए मैं आईओए का धन्यवाद करता हूं।’’
उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का बेहद खास पल है कि मैं ओलंपिक पदक विजेता (मनु भाकर) के साथ भारतीय दल का ध्वजवाहक बनने जा रहा हूं।”
इस बीच लंबी कूद के एथलीट डेविड सोलोमन को चोटिल शाहनवाज खान के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है, जिससे एथलेटिक्स टीम में खिलाड़ियों की कुल संख्या 75 हो गई है।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शाहनवाज खान के स्थान पर डेविड सोलोमन के प्रवेश को (आयोजकों द्वारा) स्वीकार कर लिया गया है।’’
भाषा मोना
पंत आनन्द
आनन्द