नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) नागर विमानन मंत्रालय ने रविवार को बताया कि फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान के मुख्य पायलट को शुरुआती जांच में संदिग्ध पाए जाने के बाद पुष्टि के लिए अंतिम परीक्षण से गुजरना पड़ा है। हवा में इस विमान की ऊंचाई अचानक घट गई थी।
चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयरबस ए320 उड़ान (संख्या एआई2379) हवा में उड़ान भरते समय अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गई थी। हालांकि, बाद में इसे नियंत्रित कर लिया गया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया।
इस घटना के दौरान कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चोटें आई थीं। विमान में तीन नवजात शिशुओं सहित 137 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत घटना के बाद उड़ान चालक दल के दोनों सदस्यों की अनिवार्य साइकोएक्टिव पदार्थ की जांच की गई। मुख्य पायलट का नमूना अंतिम पुष्टि के लिए एक तय प्रयोगशाला में भेजा गया है, जिसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।
इस घटना को गंभीर श्रेणी में रखा गया है और इसकी जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) कर रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि जांच और परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ान चालक दल के दोनों सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और अंतिम रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर की जाएगी।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय