पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल कीमतों में उछाल से घरेलू बाजारों में गिरावट
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल कीमतों में उछाल से घरेलू बाजारों में गिरावट
मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों के मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों के कमजोर रुख ने भी घरेलू बाजार पर दबाव बनाया।
दो दिन की तेजी के बाद सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 616.15 अंक लुढ़ककर 76,946.97 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 190.50 अंक टूटकर 24,015 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एनटीपीसी, एचसीएल टेक और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.96 प्रतिशत बढ़कर 79.02 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे निवेशकों की धारणा पर दबाव पड़ा है।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब सात प्रतिशत टूट गया। जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक भी नुकसान में कारोबार कर रहे थे।
अमेरिका के शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,603.72 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीद की।
इससे पहले शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 827.57 अंक की तेजी के साथ 77,569.39 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 244.10 अंक चढ़कर 24,206.90 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा योगेश
योगेश

Facebook


