रोहित जैन ने आरबीआई के डिप्टी गवर्नर का पदभार संभाला

रोहित जैन ने आरबीआई के डिप्टी गवर्नर का पदभार संभाला

रोहित जैन ने आरबीआई के डिप्टी गवर्नर का पदभार संभाला
Modified Date: May 4, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: May 4, 2026 7:49 pm IST

मुंबई, चार मई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि रोहित जैन ने केंद्रीय बैंक के डिप्टी गवर्नर का पदभार संभाल लिया। जैन को विदेशी मुद्रा और वित्तीय-प्रौद्योगिकी समेत 10 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आरबीआई ने एक बयान में कहा कि जैन ने टी रबी शंकर का स्थान लिया है, जिनका विस्तारित कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया। जैन की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, के लिए की गई है।

जैन इससे पहले आरबीआई के कार्यकारी निदेशक के पद पर थे। उन्हें केंद्रीय बैंक में 34 वर्ष से अधिक का व्यापक अनुभव है।

बयान के मुताबिक, डिप्टी गवर्नर के रूप में जैन बाह्य निवेश एवं परिचालन, वित्तीय बाजार विनियमन, आंतरिक ऋण प्रबंधन, विदेशी विनिमय, वित्तीय-प्रौद्योगिकी, जोखिम निगरानी, सूचना प्रौद्योगिकी, सरकारी एवं बैंक खाते, कॉरपोरेट रणनीति एवं बजट और राजभाषा विभाग को संभालेंगे।

वर्ष 1991 में आरबीआई का हिस्सा बनने वाले जैन गुजरात विश्वविद्यालय से एमबीए (वित्त) और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय से एम.कॉम हैं।

अपने लंबे करियर के दौरान जैन ने आरबीआई के पर्यवेक्षण विभाग में मुख्य महाप्रबंधक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।

आरबीआई अधिनियम, 1934 के तहत केंद्रीय बैंक में चार डिप्टी गवर्नर होते हैं। आरबीआई के अन्य डिप्टी गवर्नरों में स्वामीनाथन जे, पूनम गुप्ता और एस सी मुर्मू शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में