कारोबार के दौरान 94 के स्तर को पार करने के बाद रुपया स्थिर रुख के साथ बंद
कारोबार के दौरान 94 के स्तर को पार करने के बाद रुपया स्थिर रुख के साथ बंद
मुंबई, 23 मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को पहली बार डॉलर के मुकाबले रुपया 94 के स्तर को लांघ गया। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आये सुधार के बीच कारोबार के अंत में रुपया 93.53 प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.84 पर खुला और पूरे दिन गिरावट में रहा। अंततः यह पहली बार 94 के स्तर को पार कर गया। हालांकि बाद में रुपया अपनी गिरावट रोकने में कामयाब रहा और कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 93.53 प्रति डॉलर पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ।
शुक्रवार को रुपया 64 पैसे टूटकर 93.53 पर बंद होने के बाद डॉलर के मुकाबले 93 के पार चला गया था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कमजोर घरेलू बाजारों के बीच रुपया पहली बार 94 के स्तर को पार कर गया। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली ने भी रुपये पर दबाव डाला है।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, समय-समय पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है।
उन्होंने अनुमान जताया कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.60 से 94.40 के दायरे में रह सकता है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत बढ़कर 99.78 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.11 प्रतिशत गिरकर 113.4 डॉलर प्रति बैरल पर था।
घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,836.57 अंक (2.46 प्रतिशत) टूटकर 72,696.39 अंक पर और निफ्टी 484.30 अंक (2.10 प्रतिशत) गिरकर 22,630.20 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 10,414.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुसार, 13 मार्च को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.76 अरब डॉलर रह गया।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


