डॉलर मजबूत होने से रुपया 16 पैसे घटकर एक माह के निम्न स्तर पर

डॉलर मजबूत होने से रुपया 16 पैसे घटकर एक माह के निम्न स्तर पर

डॉलर मजबूत होने से रुपया 16 पैसे घटकर एक माह के निम्न स्तर पर
Modified Date: November 29, 2022 / 07:50 pm IST
Published Date: October 28, 2020 2:43 pm IST

मुंबई, 28 अक्टूबर (भाषा) मासांत की डॉलर मांग और प्रमुख वैश्विक मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये में 16 पैसे की गिरावट रही और यह एक माह के निम्न स्तर 73.87 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और अपेक्षित ताजा प्रोत्साहन उपायों को लेकर अनिश्चितताओं से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया सकारात्मक रुख के साथ 73.70 पर खुला, लेकिन जल्द ही उसका आरंभिक लाभ लुप्त हो गया और यह 73.93 रुपये के दिन के निम्न स्तर को छू गया। कारोबार के अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे की गिरावट दर्शाता 73.87 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

मंगलवार को यह 73.71 रुपये पर बंद हुआ था। रुपये का यह 24 सितंबर के बाद का निम्नतम बंद स्तर है जब रुपया 73.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच छह प्रमुख मु्द्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.41 प्रतिशत बढ़कर 93.31 के स्तर पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल बने रहे और उन्होंने मंगलवार को 3,514.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 3.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 39.30 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

भाषा राजेश

राजेश महाबीर

महाबीर


लेखक के बारे में