रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 95.74 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 95.74 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 09:05 PM IST

मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले महज एक पैसे की गिरावट के साथ 95.74 प्रति डॉलर पर लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ।

डॉलर सूचकांक में कमजोरी से रुपये को शुरुआती समर्थन मिला, लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने इसके लाभ पर अंकुश लगा दिया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से घरेलू मुद्रा पर कुछ हद तक गिरावट का दबाव कम होता है, लेकिन कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने से भारत के आयात बिल पर दबाव बना रहेगा।

अमेरिकी ट्रेजरी द्वारा दीर्घावधि के सरकारी बॉन्ड की पुनर्खरीद को दोगुना करने की घोषणा के बाद डॉलर सूचकांक मई के अंत के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गया। इससे अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल दरें नीचे आईं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.57 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 95.56 से 95.74 के दायरे में रहा। अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 95.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया बुधवार को लगभग स्थिर रहा था और एक पैसे की बढ़त के साथ 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.61 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 2.22 प्रतिशत बढ़कर 93.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर डॉलर और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण रुपया बढ़त के साथ खुला। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण रुपये ने शुरुआती बढ़त गंवा दी।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा के बाद अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से बढ़ते वैश्विक तनाव के कारण रुपये के हल्के नकारात्मक दायरे में रहने की संभावना है।’’

चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और महंगाई की चिंताएं भी रुपये को कमजोर कर सकती हैं। हालांकि, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद कम होने के बीच अमेरिकी डॉलर में गिरावट से निचले स्तर पर रुपये को बल मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि कारोबारी अमेरिका से जारी होने वाले साप्ताहिक बेरोजगारी दावे के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 96 के दायरे में रहने की उम्मीद है।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 628.04 अंक की छलांग लगाकर 77,537.72 अंक पर जबकि निफ्टी 153.55 अंक की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर बंद हुआ।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 583.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय