रुपया 16 पैसे टूटकर 93.06 प्रति डॉलर पर
रुपया 16 पैसे टूटकर 93.06 प्रति डॉलर पर
मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) रुपया मंगलवार को 16 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.06 पर बंद हुआ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की समयसीमा और भारतीय रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों में चिंता बनी रही, जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव देखा गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अस्थिर वैश्विक हालात के बीच विदेशी पूंजी की लगातार निकासी, मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपया डॉलर के मुकाबले दबाव में बना हुआ है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 93.05 पर खुला। इसके बाद इसमें गिरावट आई और यह 93.12 प्रति डॉलर तक नीचे चला गया। कारोबार के दौरान रुपया 92.86 प्रति डॉलर के उच्च स्तर तक भी गया।
कारोबार के अंत में रुपया 93.06 प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट है।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सट्टेबाजी पर रोक लगाने और मुद्रा में उतार-चढ़ाव कम करने के लिए उठाए गए कदमों के बाद, सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 28 पैसे मजबूत होकर 92.90 पर बंद हुआ था।
आरबीआई ने सट्टेबाजी पर नियंत्रण के लिए नियम सख्त किए हैं और बैंकों की नेट ओपन पोजिशन (बैंकों के पास शुद्ध रूप से रखी जाने वाली विदेशी मुद्रा) की सीमा 10 करोड़ डॉलर तय की है।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक की ब्याज दर तय करने वाली समिति ने सोमवार से चालू वित्त वर्ष की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति पर तीन दिन की बैठक शुरू कर दी है।
आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) का निर्णय बुधवार को घोषित किया जाएगा।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत घटकर 99.83 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.61 डॉलर प्रति बैरल रहा।
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो सेंसेक्स 509.73 अंक चढ़कर 74,616.58 अंक पर रहा, जबकि निफ्टी 155.40 अंक बढ़कर 23,123.65 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 8,692.11 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


