रुपया 18 पैसे टूटकर 94.74 प्रति डॉलर पर
रुपया 18 पैसे टूटकर 94.74 प्रति डॉलर पर
मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को 18 पैसे टूटकर 94.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों के 99 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा अरामको के संयंत्रों पर नए हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय रुपया कमजोर हुआ। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख ने भी रुपये पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 94.49 पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.49 के उच्च स्तर तक गया और 94.89 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 94.74 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 18 पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को 13 पैसे फिसलकर 94.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘लगातार दो सत्रों तक बिना किसी बदलाव के रहने के बाद, जोखिम से बचने और तेल की बढ़ती कीमतों के बीच रुपये में भारी गिरावट आई, क्योंकि डॉलर की ज़बर्दस्त खरीदारी तरलता से ज्यादा रही। जारी भू-राजनीतिक चिंताओं और एफआईआई के सकारात्मक प्रवाह की कमी ने इस गिरावट को और बढ़ा दिया, जबकि बाजार में शामिल लोग घरेलू महंगाई के आने वाले आंकड़ों पर सावधानी से नजर बनाए हुए हैं।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव 1.39 प्रतिशत बढ़कर 98.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 अंक पर जबकि निफ्टी 144.05 अंक फिसलकर 23,635.10 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 123.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


