रुपया दो पैसे टूटकर 94.60 प्रति डॉलर पर

रुपया दो पैसे टूटकर 94.60 प्रति डॉलर पर

रुपया दो पैसे टूटकर 94.60 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 16, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: June 16, 2026 9:59 pm IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की गिरावट के साथ 94.60 पर बंद हुआ।

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट के बीच रुपये में दो दिन से चली आ रही तेजी पर ब्रेक लग गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मामूली नुकसान के साथ बंद होने से पहले, घरेलू मुद्रा मजबूत बनी रही। इसे अमेरिका-ईरान तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने से सहारा मिला। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी का रुपये पर दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.69 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.48 से 94.71 के दायरे में रहा। अंततः यह 94.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को 60 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.58 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं में नरमी और विदेशी पूंजी प्रवाह की उम्मीदें रुपये को समर्थन दे सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.10 से 94.90 के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.61 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 544.15 अंक चढ़कर 76,808.48 अंक पर जबकि निफ्टी 135.25 अंक बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.77 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 749.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में