डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे टूटकर 92.83 पर बंद
डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे टूटकर 92.83 पर बंद
मुंबई, 10 अप्रैल (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले शुरुआत बढ़त को गंवाते हुए 32 पैसे टूटकर 92.83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिका-ईरान संघर्ष से जुड़े जोखिमों सहित वैश्विक तनाव के कारण रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार वैश्विक अनिश्चितता के बीच रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों के लिए प्रत्येक दिन के लिए ‘नेट ओपन पोजिशन’ (कुल विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और देनदारियों का अंतर) 10 करोड़ डॉलर तक सीमित करने के निर्देश की समय-सीमा शुक्रवार को खत्म हो गई, जिसके कारण रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.58 पर खुला और कारोबार के दौरान 92.41 के ऊपरी स्तर को छूने के बाद अंत में 92.83 पर बंद हुआ।
यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 32 पैसे की गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को तीन पैसे की मामूली बढ़त के साथ 92.51 पर बंद हुआ था।
आईएफए ग्लोबल ने एक शोध पत्र में कहा, ”अमेरिका-ईरान युद्धविराम की स्थिति अभी साफ नहीं है। हालात किस दिशा में जाएंगे, इसे लेकर काफी अनिश्चितता बनी हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावी रूप से अब भी बंद है।”
छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत बढ़कर 98.84 पर रहा। युद्धविराम के बाद सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर की मांग घटी है, लेकिन निचले स्तरों पर इसे फिर से समर्थन मिल रहा है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.86 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने पर बनी अनिश्चितता के कारण तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो सेंसेक्स 918.60 अंक उछलकर 77,550.25 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 275.50 अंक चढ़कर 24,050.60 पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 672.09 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


