रुपया 50 पैसे की गिरावट के साथ 95.75 प्रति डॉलर पर
रुपया 50 पैसे की गिरावट के साथ 95.75 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 11 जून (भाषा) रुपया पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और डॉलर की मजबूती के बीच बृहस्पतिवार को 50 पैसे टूटकर 95.75 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी मुद्रा की निरंतर निकासी, घरेलू शेयर बाजारों के कमजोर रुख और डॉलर में मजबूती ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.55 प्रति डॉलर पर खुला। डॉलर के मुकाबले 95.55 से 95.76 के दायरे में कारोबार करते हुए अंततः यह 95.75 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 50 पैसे की गिरावट है।
रुपया बुधवार को 16 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.25 पर बंद हुआ था। अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने तथा घरेलू मुद्रा में और गिरावट को थामने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.07 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 150.63 अंक टूटकर 73,832.55 अंक पर जबकि निफ्टी 53.35 अंक फिसलकर 23,161.60 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,124.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
वहीं अमेरिका और ईरान ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन हमले जारी रखे जिससे पश्चिम एशिया युद्ध पुनः शुरुआत के और करीब पहुंच गया है। इससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हो सकती है।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


