रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 प्रति डॉलर पर

रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 प्रति डॉलर पर

रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 16, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: February 16, 2026 8:57 pm IST

मुंबई, 16 फरवरी (भाषा) डॉलर मजबूत होने तथा विदेशी कोषों की निकासी के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, कच्चे तेल की कम कीमतों तथा घरेलू शेयर बाजार में तेजी ने रुपये में भारी गिरावट पर अंकुश लगा दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 90.63 पर खुला और सत्र के दौरान 90.61 के दिन के उच्चतम स्तर और 90.74 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा।

कारोबार के अंत में रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

शुक्रवार को, यह डॉलर के मुकाबले पांच पैसे कमजोर होकर 90.66 पर बंद हुआ था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार प्रतिभागियों के सतर्क रहने की वजह से रुपया ज़्यादातर स्थिर रुख के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि कमजोर शुरुआत के बाद शेयर बाजार में सुधार से रुपये को स्थिर करने में मदद मिली।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी के अनुसार, ‘‘निवेशक अब इस सप्ताह अमेरिका से आवास बाजार और जीडीपी के आंकड़ों पर नज़र रख सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर मूल्य के 90.30 रुपये से 90.90 रुपये के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.09 प्रतिशत बढ़कर 96.91 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.47 प्रतिशत घटकर 67.43 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 650.39 अंक या 0.79 प्रतिशत बढ़कर 83,277.15 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 211.65 अंक की बढ़त के साथ 25,682.75 अंक पर पहुंच गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में