रुपये में लगातार छठे दिन तेजी, 12 पैसे चढ़कर 95.31 प्रति डॉलर पर

रुपये में लगातार छठे दिन तेजी, 12 पैसे चढ़कर 95.31 प्रति डॉलर पर

रुपये में लगातार छठे दिन तेजी, 12 पैसे चढ़कर 95.31 प्रति डॉलर पर
Modified Date: August 3, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: August 3, 2026 4:34 pm IST

मुंबई, तीन अगस्त (भाषा) रुपया सोमवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में मजबूत बने रहने के साथ ही 12 पैसे की बढ़त के साथ 95.31 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले टालने के फैसले के बाद डॉलर के कमजोर होने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली और घरेलू शेयर बाजार में तेजी से भी रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.15 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में यह 95.11 से 95.34 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंत में यह 95.31 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार तक लगातार छह कारोबारी सत्रों में तीन प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ है। रुपया शुक्रवार को सात पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ अमेरिकी राष्ट्रपति के सप्ताहांत में ईरान पर हमले की योजना रद्द करने से रुपये को मजबूती मिली।’’

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार शाम वार्ता होने वाली है। इससे वैश्विक निवेशकों की जोखिम लेने की धारणा मजबूत हुई। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने भी रुपये को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा मजबूत होने से रुपये में हल्के सकारात्मक रुख के साथ कारोबार होगा। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच यदि भू-राजनीतिक तनाव फिर बढ़ता है तो रुपये की तेज बढ़त सीमित हो सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.90 से 95.50 रुपये के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत टूटकर 99.84 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 544.39 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,639.03 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 390.70 अंक यानी 1.60 प्रतिशत चढ़कर 24,774.30 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 5.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.48 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ वार्ता सोमवार को होगी। हालांकि, उन्होंने किसी समझौते की समयसीमा नहीं बताई।

ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर मतभेद सुलझाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की उम्मीद में प्रस्तावित सैन्य हमले को टाल दिया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में