रुपया दो पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर

रुपया दो पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर

रुपया दो पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 17, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: February 17, 2026 9:13 pm IST

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) रुपया मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 90.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशों में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपया बढ़त में रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि डॉलर की मजबूती ने रुपये पर दबाव बनाया और इसकी तेजी पर अंकुश लगाया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.72 पर खुला और सीमित दायरे में रहा। रुपया ऊंचे में 90.64 तक गया और नीचे में 90.78 तक आया।

कारोबार के अंत में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.72 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से दो पैसे मजबूत है।

रुपया सोमवार को आठ पैसे की गिरावट के साथ 90.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा कि रुपये में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी और डॉलर की मजबूती के कारण थोड़ी कमजोरी के साथ कारोबार हुआ। हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से गिरावट पर अंकुश लगा।

चौधरी ने कहा, ‘‘निवेशक अब इस सप्ताह अमेरिकी आवास बाजार और जीडीपी आंकड़ों पर नजर रख सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 90.50 रुपये से 91 रुपये के बीच रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 97.03 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.08 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,450.96 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत मजबूत होकर 25,725.40 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 995.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में