रुपया चार पैसे बढ़कर 90.68 प्रति डॉलर पर
रुपया चार पैसे बढ़कर 90.68 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख की वजह से अंतरबैंक विदेशी मु्द्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे बढ़कर 90.68 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मजबूत होते डॉलर ने रुपये में तेज बढ़त को रोक दिया।
अंतरबैंक विदेशी मु्द्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 90.60 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.59-90.71 के सीमित दायरे में कारोबार के बाद 90.68 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले चार पैसे की बढ़त है।
मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे बढ़कर 90.72 पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी परामर्शक एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक, अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक द्वारा डॉलर को संरक्षित किए जाने की वजह से रुपया सीमित दायरे में रहा।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.08 प्रतिशत बढ़कर 97.22 पर कारोबार कर रहा था।
भंसाली ने कहा, ‘‘डॉलर इंडेक्स थोड़ा ऊपर था, और विश्लेषकों को उम्मीद है कि लंबी गिरावट के बाद जल्द ही इसमें सुधार की गुंजाइश है। मजबूत अमेरिकी वृद्धि और विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी ने डॉलर का समर्थन किया।’’
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 0.22 प्रतिशत बढ़कर 67.57 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 283.29 अंक बढ़कर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 93.95 अंक बढ़कर 25,819.35 अंक पर पहुंच गया।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 1,154.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


