रुपया चार पैसे की बढ़त के साथ 90.91 प्रति डॉलर पर

रुपया चार पैसे की बढ़त के साथ 90.91 प्रति डॉलर पर

रुपया चार पैसे की बढ़त के साथ 90.91 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 25, 2026 / 09:07 pm IST
Published Date: February 25, 2026 9:07 pm IST

मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) कमजोर डॉलर और विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया सीमित दायरे में बना रहा और डॉलर के मुकाबले चार पैसे बढ़कर 90.91 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और व्यापार से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण रुपये पर दबाव रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले 90.94 पर खुला और पूरे सत्र में 90.96-90.88 के एक सीमित दायरे में रहने के बाद अंत में 90.91 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से चार पैसा अधिक है। मंगलवार को, डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे टूटकर 90.95 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव और व्यापार शुल्क की अनिश्चितता के बीच रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। अमेरिका और ईरान के बीच बृहस्पतिवार को बातचीत होने की संभावना है, और अब बाजारों को आशंका है कि अमेरिका ईरान पर सीमित हमला कर सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.05 प्रतिशत टूटकर 97.79 पर कारोबार कर रहा था।

चौधरी ने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक के दखल के साथ कमजोर डॉलर, निचले स्तर पर रुपये को समर्थन कर सकता है। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत के 90.70 से 91.20 रुपये के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।’’

वैश्विक कच्चा तेल मानक, ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.06 प्रतिशत बढ़कर 70.76 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में तेज़ी आई और सेंसेक्स 50.15 अंक चढ़कर 82,276.07 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 57.85 अंक चढ़कर 25,482.50 अंक पर बंद हुआ।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,991.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में