रुपया 44 पैसे बढ़कर 91.49 प्रति डॉलर पर

रुपया 44 पैसे बढ़कर 91.49 प्रति डॉलर पर

रुपया 44 पैसे बढ़कर 91.49 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 2, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: February 2, 2026 9:08 pm IST

मुंबई, दो फरवरी (भाषा) आम बजट 2026-27 पेश होने के एक दिन बाद अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 44 पैसे के सुधार के साथ 91.49 पर बंद हुआ। रुपये में यह बढ़त मुख्य रूप से कच्चे तेल की ऊंची कीमतों में आई गिरावट के कारण देखी गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) 92 रुपये प्रति डॉलर के स्तर को बचाने के लिए पूरी मजबूती से सक्रिय नजर आया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 91.95 पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 91.45 का उच्चस्तर और 91.95 का निचला स्तर छुआ। अंत में रुपया 91.49 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर के मुकाबले 44 पैसे की बढ़त है।

इससे पहले शुक्रवार को रुपया 92.02 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था, जिसके बाद यह छह पैसे की मामूली बढ़त के साथ 91.93 पर बंद हुआ था।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, बजट ने रुपये को भरोसा दिया है। हालांकि, सरकार की राजकोषीय घाटे के वित्तपोषण के लिए अगले वित्त वर्ष में भारी उधारी योजना (17.2 लाख करोड़ रुपये) आने वाले समय में निवेशकों की धारणा पर दबाव डाल सकती है। राजकोषीय घाटा, जीडीपी का 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत बढ़कर 97.07 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 4.46 प्रतिशत गिरकर 66.23 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव कम होने की चर्चाओं के चलते तेल की कीमतों में यह राहत मिली है।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि निकट भविष्य में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 91.10 से 91.85 के दायरे में रह सकता है।

बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक बढ़कर 81,666.46 अंक पर बंद हुआ जबकि एनएसई निफ्टी 262.95 अंक बढ़कर 25,088.40 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में