अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बाद रुपया शुरुआती कारोबार में 50 पैसे मजबूत

Ads

अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बाद रुपया शुरुआती कारोबार में 50 पैसे मजबूत

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 09:57 AM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 09:57 AM IST

मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने की घोषणा के बाद घरेलू मुद्रा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद जोखिम वाली परिसंपत्तियों में जोरदार खरीदारी देखी गई। एशियाई शेयर बाजार, डॉउ वायदा, सोना व चांदी में तेजी आई जबकि ब्रेंट कच्चा तेल 100 डॉलर से नीचे करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.92 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में मजबूत होकर 92.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 50 पैसे की बढ़त है।

रुपया मंगलवार को 93.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.96 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,527.47 अंक या 3.39 प्रतिशत चढ़कर 77,144.05 अंक पर जबकि निफ्टी 767.25 अंक या 3.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,890.90 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 12.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.42 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,692.11 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद वह ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को स्थगित करेंगे। इस समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने संकेत दिया कि इस अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी जिससे आपूर्ति बाधित होने की चिंताएं कम हो गई हैं।

भाषा निहारिका अजय

अजय