रुपया 67 पैसे की बढ़त के साथ 95.18 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया 67 पैसे की बढ़त के साथ 95.18 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया 67 पैसे की बढ़त के साथ 95.18 प्रति डॉलर पर बंद
Modified Date: June 12, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: June 12, 2026 10:07 pm IST

मुंबई, 12 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 67 पैसे मजबूत होकर 95.18 पर बंद हुआ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ जल्द समझौते के संकेत दिए जाने के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से रुपये को समर्थन मिला है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती और अमेरिकी डॉलर में कमजोर रुख ने भी रुपये को समर्थन दिया।

ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने का समझौता लगभग पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि इस सप्ताहांत यूरोप में इस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उन्होंने ईरान के तेल उद्योग पर कब्जा करने की धमकी देने के कुछ ही घंटों बाद इस्लामिक गणराज्य पर सैन्य हमले की योजना रद्द कर दी थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों के बाद, अंतरराष्ट्रीय कच्चेतेल की कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक कच्चातेल मानक ‘ब्रेंट क्रूड’ वायदा कारोबार के दौरान 4.25 प्रतिशत गिरकर 86.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.95 से 95.53 के दायरे में कारोबार करता हुआ अंत में 95.18 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 67 पैसे की बढ़त है।

रुपया बृहस्पतिवार को 60 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.85 पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘ तेल की कीमतें तीन महीने बाद घटकर 88.58 अमेरिकी डॉलर के स्तर पर आ गईं, जिससे रुपये को बल मिला। रुपया पिछले कुछ दिन से 95 से 95.80 के बीच रहा है और इसमें कच्चे तेल की कीमतों के साथ ही उतार-चढ़ाव हो रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि सोमवार को रुपया 94.75 से 95.75 के दायरे में रह सकता है…।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.65 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 1,695.40 अंक चढ़कर 75,527.95 अंक जबकि निफ्टी 461.30 अंक की बढ़त के साथ 23,622.90 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 86.54 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से शुक्रवार को 1,082.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण


लेखक के बारे में