रुपया 94.56 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आया
रुपया 94.56 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आया
मुंबई, 27 मार्च (भाषा) रुपया शुक्रवार को दोपहर के कारोबार के दौरान 60 पैसे टूटकर 94.56 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया।
पश्चिम एशिया संकट के समाधान की कोई राह न निकलने के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर में मजबूती के कारण रुपया पहली बार 94.50 के स्तर के पार चला गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निरंतर निकासी ने स्थानीय मुद्रा पर दबाव और बढ़ा दिया है।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.18 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान फिसलकर 94.56 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले, बुधवार को रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 93.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। रामनवमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को शेयर, विदेशी मुद्रा, जिंस और सर्राफा बाजार बंद रहे थे।
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.67 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.4 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों के मोर्चे पर सेंसेक्स दोपहर के कारोबार में 1,212.15 अंक या 1.61 प्रतिशत गिरकर 74,061.30 अंक पर, जबकि निफ्टी 355.20 अंक या 1.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,951.25 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,805.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
भाषा सुमित सिम्मी
सिम्मी

Facebook


