रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 94.53 प्रति डॉलर पर

रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 94.53 प्रति डॉलर पर

रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 94.53 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 16, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: June 16, 2026 4:34 pm IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) रुपया मंगलवार को लगातार तीसरे सत्र में मजबूत होता हुआ पांच पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.53 (अस्थायी) पर रहा।

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष में तनाव कम होने और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर हुए कूटनीतिक समझौतों के बाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर तत्काल खतरा काफी हद तक घट गया है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने भी डॉलर-रुपये की जोड़ी को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.69 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.48 से 94.71 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंततः यह 94.53 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 60 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.58 पर बंद हुआ था। पिछले तीन कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 132 पैसे चढ़ा है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं में नरमी और विदेशी पूंजी प्रवाह की उम्मीदें रुपये को समर्थन दे सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.10 से 94.90 के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.61 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 544.15 अंक चढ़कर 76,808.48 अंक पर जबकि निफ्टी 135.25 अंक बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.77 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 200.05 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में