सिंधिया ने हवाईअड्डा संचालकों से बायोमेट्रिक मॉडल पर गौर करने को कहा

सिंधिया ने हवाईअड्डा संचालकों से बायोमेट्रिक मॉडल पर गौर करने को कहा

सिंधिया ने हवाईअड्डा संचालकों से बायोमेट्रिक मॉडल पर गौर करने को कहा
Modified Date: December 20, 2023 / 08:44 pm IST
Published Date: December 20, 2023 8:44 pm IST

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (भाषा) आगामी त्योहारी मौसम में हवाईअड्डों पर भीड़भाड़ रोकने के लिए नागर विमानन मंत्रालय ने हवाईअड्डा संचालकों से यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए अन्य देशों में उपयोग किये जा रहे सफल बायोमेट्रिक मॉडल पर गौर करने को कहा है।

नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक सलाहकार समूह के साथ बैठक के दौरान हवाईअड्डा संचालकों से ‘डिजी यात्रा’ को बढ़ावा देने के लिए कहा। यह चेहरे की पहचान प्रौद्योगिकी (एफआरटी) के आधार पर हवाई अड्डों पर विभिन्न जांच बिंदुओं पर यात्रियों को संपर्क रहित, निर्बाध आवाजाही देता है।

वर्तमान में डिजी यात्रा दिल्ली, मुंबई और वाराणसी सहित 13 हवाई अड्डों पर घरेलू यात्रियों के लिए उपलब्ध है।

पिछले साल दिसंबर में दिल्ली समेत विभिन्न हवाईअड्डों पर भारी भीड़भाड़ हो गई थी, जिसके बाद मंत्रालय ने समस्या के समाधान के लिए कई कदम उठाए हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार को बैठक में हवाईअड्डा संचालकों को अन्य देशों में सफलतापूर्वक उपयोग किए जा रहे बायोमेट्रिक सक्षम मॉडल पेश करने का भी काम सौंपा गया।

सिंधिया ने कहा है कि डिजी यात्रा सुविधा वर्ष 2024 में 25 अन्य हवाई अड्डों पर उपलब्ध होगी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, बैठक में यह सुझाव भी आया कि प्रस्थान के साथ-साथ आगमन के समय भी अंतरराष्ट्रीय यात्री पहुंच के लिए डिजी यात्रा को एकीकृत किया जाए।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘आगामी त्योहारी सत्र को देखते हुए हवाई अड्डों पर भीड़भाड़ को रोकने पर जोर दिया है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि मंत्रालय इस अवधि में यात्रियों को एक सहज और समय बचाने वाली यात्रा अनुभव देने के लिए सभी संभावित उपायों को सक्रिय रूप से लागू कर रहा है।’’

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में