मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) जहाज निर्माण एवं भारी ढांचा विनिर्माण कंपनी स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एसडीएचआई) को एनर्जी वन लिमिटेड से चार ‘डुअल-फ्यूल’ अमोनिया मालवाहक जहाज बनाने का ठेका मिला है।
एसडीएचआई ने मंगलवार को बयान में कहा कि श्रेणी-4 के इस ठेके के तहत पहला पोत अक्टूबर 2029 तक सौंपे जाने की उम्मीद है जबकि इसके बाद के पोत चार-चार महीने के अंतराल पर दिए जाएंगे।
यह 1,501 करोड़ रुपये से 3,000 करोड़ रुपये के बीच मूल्य वाला ऑर्डर श्रेणी-4 में आता है।
कंपनी के अनुसार, ये श्रेणी-4 पोत भारत में बनाए जाने वाले पहले अमोनिया ‘डुअल-फ्यूल’ जहाज होंगे। साथ ही भारतीय शिपयार्ड में बने अब तक के सबसे बड़े वाणिज्यिक जहाजों में शामिल होंगे। यह घरेलू जहाज निर्माण उद्योग के लिए प्रौद्योगिकी क्षमता और पैमाने दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण प्रगति दर्शाता है। 229.5 मीटर लंबाई और 37 मीटर चौड़ाई वाले इन प्रत्येक जहाजों में अमोनिया ईंधन से चलने वाली प्रणोदन प्रणाली होगी।
एसडीएचआई के निदेशक विवेक मर्चेंट ने कहा, ‘‘ यह परियोजना हासिल करना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय जहाज निर्माण और पिपावाव में विकसित हमारी क्षमताओं पर वैश्विक हितधारकों के भरोसे का पता चलता है।’’
भाषा निहारिका
निहारिका