मोनोमार्क इंजीनियरिंग, आरकेबी ग्लोबल को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी
मोनोमार्क इंजीनियरिंग, आरकेबी ग्लोबल को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी
नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड और आरकेबी ग्लोबल लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की मंजूरी दे दी है।
सेबी की ओर से दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार, नियामक ने मोनोमार्क इंजीनियरिंग के प्रस्तावित सार्वजनिक निर्गम पर चार सितंबर को अपनी टिप्पणियां जारी कीं, जबकि आरकेबी ग्लोबल को 31 अगस्त को टिप्पणियां मिली थीं।
आईपीओ प्रक्रिया में सेबी की टिप्पणियां एक महत्वपूर्ण चरण होती हैं। इसके बाद कंपनियां अपने प्रस्तावित सार्वजनिक निर्गम लाने के लिए अगली प्रक्रियाओं की तैयारियां कर सकती हैं।
मसौदा दस्तावेजों के अनुसार, मोनोमार्क इंजीनियरिंग के सार्वजनिक निर्गम में 2.70 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं होगा।
आरकेबी ग्लोबल के आईपीओ में 1.26 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे और 20.20 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
ये मंजूरियां प्राथमिक बाजार में लगातार जारी गतिविधियों के बीच मिली हैं। कई कंपनियां इस महीने सार्वजनिक निर्गम लाने की तैयारी कर रही हैं। अगस्त में 23 कंपनियों ने अपना पहला सार्वजनिक निर्गम पेश किया था।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


