सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का आईपीओ चार मार्च को खुलेगा, मूल्य दायरा 1287-1352 रुपये प्रति शेयर

Ads

सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का आईपीओ चार मार्च को खुलेगा, मूल्य दायरा 1287-1352 रुपये प्रति शेयर

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 10:13 AM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) पावरट्रेन कंट्रोल और मोटर वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स लिमिटेड का 1,087 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) चार मार्च को खुलेगा।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 1,287-1,352 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। ऊपरी सीमा पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 6,000 करोड़ रुपये आंका गया है। यह निर्गम चार मार्च को खुलेगा और छह मार्च को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक दो मार्च को बोली लगा पाएंगे।

आईपीओ में कोई नया निर्गम शामिल नहीं है। यह पूरी तरह से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है जिसमें प्रवर्तक मनीष शर्मा और अश्विनी अमित दीक्षित सहित अन्य निवेशक कुल 80,43,300 शेयर बेचेंगे।

कंपनी दोपहिया एवं तिपहिया आंतरिक दहन इंजन वाहनों के लिए सेंसर-लेस कम्यूटेशन आधारित ‘इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर ईसीयू’ का विकास, डिजाइन और विनिर्माण करती है। इसके ग्राहकों में टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स, ब्रिग्स एंड स्ट्रैटन एलएलसी और डीईआईएफ इंडिया शामिल हैं।

सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का शेयर 11 मार्च को बाजार में सूचीबद्ध हो सकता है। भाषा निहारिका

निहारिका