शेयर बाजार में दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 174 अंक मजबूत
शेयर बाजार में दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 174 अंक मजबूत
मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 174 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 42 अंक मजबूत हुआ। बैंक, आईटी और पूंजीगत वस्तुओं से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी से बाजार बढ़त में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ऊंचे में 83,598 अंक तक गया तथा नीचे में 82,987.43 अंक तक आया।
पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, भारतीय स्टेट बैंक और टेक महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, टाटा स्टील, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले सूचकांकों में भी मजबूती देखी गई। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.49 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.26 प्रतिशत के लाभ में रहा।
एशिया के अन्य बाजारों में, जापान का निक्की नुकसान में रहा, जबकि चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख है। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को ‘प्रेजिडेंट डे’ के कारण बंद रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,666.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.79 प्रतिशत टूटकर 68.13 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 650.39 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी 211.65 अंक मजबूत हुआ था।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


