भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न, सेंसेक्स 2,073 अंक चढ़ा
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का शेयर बाजार ने मनाया जश्न, सेंसेक्स 2,073 अंक चढ़ा
मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने की घोषणा से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त उछाल दर्ज हुआ। मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,073 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी ने 639 अंक की छलांग लगाई।
व्यापार समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हो गया है। इसके अलावा रूसी तेल खरीद जारी रखने पर अमेरिका ने 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी लगाया था।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सत्र की शुरुआत के बाद 4,205.27 अंक यानी 5.14 प्रतिशत उछलकर 85,871.73 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली होने से यह 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,252.80 अंक यानी 4.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,341.20 अंक तक पहुंच गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार रात को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद कहा था कि भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया जाएगा। हालांकि, अभी समझौते का विवरण सामने नहीं आया है।
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 9.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी प्रमुख लाभ में रहीं।
हालांकि, तेजी के इस दौर में टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
व्यापार समझौते की खबर से वस्त्र, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, समुद्री खाद्य निर्यात और विशेष उपयोग वाले रसायन क्षेत्रों से जुड़े शेयरों में तेज उछाल देखा गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और रुपये में मजबूती से विदेशी संस्थागत निवेश (एफआईआई) के प्रवाह की उम्मीद बढ़ी है। अमेरिकी शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने से उभरते बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत हुई है और निर्यातोन्मुख क्षेत्रों के लिए परिदृश्य बेहतर हुआ है।’’
ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा और भारतीय निर्यात पर शुल्क कटौती से भारतीय शेयर बाजार ने हाल के समय की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त दर्ज की। खासकर निर्यात-उन्मुख एवं जिंसों से जुड़े क्षेत्रों की अगुवाई में बाजार का दायरा बेहद सकारात्मक रहा।’’
पोनमुडी ने कहा कि दिग्गज कंपनियों में चौतरफा तेजी के बीच मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों ने भी इस तेजी का भरपूर फायदा उठाया।
बीएसई पर सूचीबद्ध 3,304 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 981 शेयरों में गिरावट रही और 137 अन्य अपरिवर्तित रहे।
क्षेत्रवार सूचकांकों में सेवा खंड ने सर्वाधिक 4.86 प्रतिशत की तेजी दिखाई जबकि रियल्टी खंड में 4.79 प्रतिशत, बिजली खंड में 4.79 प्रतिशत, उपयोगिता खंड में 3.92 प्रतिशत, पूंजीगत उत्पाद खंड में 3.71 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 3.44 प्रतिशत की बढ़त रही। इनके अलावा विवेकाधीन उपभोक्ता, धातु, स्वास्थ्य देखभाल और वित्तीय सेवा खंडों में भी तेजी रही।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘बाजार को इस समझौते की घोषणा का लंबे समय से इंतजार था और इसकी घोषणा ने एक बड़ी तेजी का रास्ता तैयार किया। इसके पहले यूरोपीय संघ के साथ भी व्यापार समझौता हुआ था। इस तरह भारतीय उत्पादों को बड़ा प्रोत्साहन मिला है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब सात प्रतिशत उछला, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत गिरकर 65.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक चढ़कर 81,666.46 अंक और निफ्टी 262.95 अंक की बढ़त के साथ 25,088.40 अंक पर रहा था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


