आईटी शेयरों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 331 अंक चढ़ा

Ads

आईटी शेयरों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 331 अंक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 04:29 PM IST

मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार दो दिन की गिरावट के बाद बढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 331 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 85 अंक चढ़ा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 424.38 अंक बढ़कर 77,357.97 अंक तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,175.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन और इटर्नल के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

इसके उलट, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट रही।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘आईटी शेयरों में मजबूत बढ़त से भारतीय शेयर बाजार ऊंचे स्तर पर बंद हुए। एनवीडिया के मजबूत तिमाही नतीजों और सकारात्मक परिदृश्य से आईटी क्षेत्र को समर्थन मिला, जिससे कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश को लेकर उम्मीद मजबूत हुई।’

हालांकि, उन्होंने कहा कि निवेशकों की भागीदारी चुनिंदा शेयरों तक सीमित रही क्योंकि बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की टिप्पणियों का इंतजार है।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 298.26 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 539.35 अंक गिरकर 76,933.59 अंक और निफ्टी 116.90 अंक टूटकर 24,090.85 अंक पर बंद हुआ था।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट में बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोपीय बाजार सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत गिरकर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर था।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण