कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 791 अंक चढ़ा

कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 791 अंक चढ़ा

कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 791 अंक चढ़ा
Modified Date: June 24, 2026 / 04:26 pm IST
Published Date: June 24, 2026 4:26 pm IST

मुंबई, 24 जून (भाषा) कच्चे तेल के दाम में नरमी और बैंक, वित्तीय तथा आईटी शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी लौटी और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बीएसई सेंसक्स 791 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 197 अंक की तेजी रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04 प्रतिशत के लाभ में रहा। कारोबार के दौरान एक समय यह 989.69 अंक तक चढ़ गया था।

पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 24,021.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, टाटा स्टील, मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.69 प्रतिशत टूटकर 75.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि अमेरिका और भारत एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के ‘काफी करीब’ हैं। यह समझौता दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद है। यह अमेरिकी सामान के लिए 1.4 अरब की आबादी वाले भारतीय बाजार के दरवाजे खोलेगा।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी ‘एनरिच मनी’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘बैंकिंग शेयरों में मजबूत बढ़त और आईटी क्षेत्र में सुधार के कारण भारतीय शेयर बाजार ने अच्छी वापसी की। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में और गिरावट से निवेशकों का जोखिम लेने का उत्साह लौटा और व्यापक बाजार भागीदारी को समर्थन मिला। इससे बाजार धारणा में सुधार हुआ।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के निक्की में गिरावट रही।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख था। मंगलवार को अमेरिकी बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स मंगलवार को 893.39 अंक टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 278.80 अंक की गिरावट के साथ 23,824.10 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में