वित्तीय कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 123 अंक टूटा

वित्तीय कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 123 अंक टूटा

वित्तीय कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 123 अंक टूटा
Modified Date: April 16, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: April 16, 2026 4:53 pm IST

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 123 अंक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी 35 अंक के नुकसान में रहा। हाल की तेजी के बाद बैंक और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए 122.56 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स तेजी के साथ खुला और 78,730.32 अंक तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली से यह गिरावट के साथ 77,674.93 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,055.39 अंक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

एनएसई निफ्टी भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूटकर 24,196.75 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, इटर्नल, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 96.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, ‘‘भारतीय बाजार में आज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह हाल की तेजी के बाद सुधार की ओर बदलाव को दर्शाता है। बेहतर वैश्विक संकेतों और भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के कारण सूचकांक सकारात्मक शुरुआत के साथ खुला, लेकिन बाद मुनाफावसूली के कारण उच्च स्तर को बनाए रखने में विफल रहा।’’

उन्होंने कहा कि वृहद परिप्रेक्ष्य से, पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों के प्रति बाजार धारणा संवेदनशील बनी हुई है।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में सकारात्मक दायरे में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 666.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तनाव कम होने के संकेत के बीच सेंसेक्स बुधवार को 1,263.67 अंक बढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 388.65 अंक बढ़कर 24,231.30 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में