अदाणी ग्रीन एनर्जी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत बढ़कर 983 करोड़ रुपये पर

अदाणी ग्रीन एनर्जी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत बढ़कर 983 करोड़ रुपये पर

अदाणी ग्रीन एनर्जी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत बढ़कर 983 करोड़ रुपये पर
Modified Date: July 22, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: July 22, 2026 4:27 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 19.29 प्रतिशत बढ़कर 983 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि मुख्य रूप से राजस्व बढ़ने का नतीजा है।

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को अप्रैल-जून तिमाही के इस नतीजे की सूचना दी। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 824 करोड़ रुपये था।

आलोच्य तिमाही में एजीईएल की कुल आय बढ़कर 4,663 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 4,006 करोड़ रुपये थी।

अदाणी समूह की कंपनी ने कहा कि ऊर्जा बिक्री 30 प्रतिशत बढ़कर 1,365.7 करोड़ यूनिट हो गई, जो एक साल पहले 1.047.9 करोड़ यूनिट थी। यह वृद्धि नई क्षमता जुड़ने और मजबूत परिचालन प्रदर्शन के कारण दर्ज की गई।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन क्षमता सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर करीब 20.1 गीगावाट हो गई। इस तरह कंपनी 50 गीगावाट क्षमता के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है।

एजीईएल ने सालाना आधार पर 4,327 मेगावाट क्षमता जोड़ी, जिसमें 3,051 मेगावाट सौर (गुजरात के खावड़ा में 2,662 मेगावाट और राजस्थान में 389 मेगावाट), 684 मेगावाट पवन ऊर्जा और 592 मेगावाट सौर-पवन हाइब्रिड क्षमता शामिल है। इस तिमाही में क्षमता वृद्धि 848 मेगावाट रही।

कंपनी ने कहा कि वह वित्त वर्ष 2026-27 तक पांच गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और 10,000 मेगावाट-घंटा से अधिक बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) क्षमता जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

एजीईएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष खन्ना ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत मजबूती के साथ हुई है और 20 गीगावाट का आंकड़ा पार करना अनुशासित क्रियान्वयन को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा कि देश में बिजली की मांग बढ़ने के बीच कंपनी का नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो स्वच्छ ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रहा है।

इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने पॉली सिंह अरोड़ा को मुख्य मानव संसाधन अधिकारी नियुक्त करने को मंजूरी दी।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में