कमजोर रुपये, मुद्रास्फीति की चिंता से बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 161 अंक फिसला

कमजोर रुपये, मुद्रास्फीति की चिंता से बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 161 अंक फिसला

कमजोर रुपये, मुद्रास्फीति की चिंता से बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 161 अंक फिसला
Modified Date: May 15, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 15, 2026 4:54 pm IST

मुंबई, 15 मई (भाषा) प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को शुरुआती बढ़त गंवाकर गिरावट के साथ बंद हुए। धातु, तेल एवं गैस और पीएसयू बैंक शेयरों में बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच निवेशकों में सतर्कता देखी गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार- चढ़ाव के बीच 160.73 अंक यानी 0.21 प्रतिशत गिरकर 75,237.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने एक समय करीब 470 अंक तक की बढ़त ले ली थी। लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव में यह नीचे आ गया।

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 46.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत गिरकर 23,643.50 पर बंद हुआ। इसके साथ ही दो दिनों से जारी तेजी का सिलसिला टूट गया।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट रही।

दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और सन फार्मा में बढ़त दर्ज की गई।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘हाल में आई तेजी के बाद निवेशक सतर्क हो गए हैं। बढ़ते बॉन्ड प्रतिफल, कमजोर रुपये और ईंधन कीमतों में वृद्धि से मुद्रास्फीति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।’

नायर ने कहा कि चौथी तिमाही के मजबूत नतीजों और आकर्षक मूल्यांकन से कुछ सहारा मिल रहा है, लेकिन निकट भविष्य में बाजार की दिशा वैश्विक घटनाक्रमों और भू-राजनीतिक स्थिति पर निर्भर करेगी।

इस बीच, रुपया पहली बार 96 के स्तर के नीचे फिसल गया और डॉलर के मुकाबले 95.94 प्रति डॉलर (अस्थायी) के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।

तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है जबकि सीएनजी कीमतों में दो रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड तीन प्रतिशत से अधिक चढ़कर 109.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में गिरावट का रुख रहा जिसमें दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी छह प्रतिशत से अधिक गिर गया।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 684.33 करोड़ रुपये का निवेश किया।

बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 789.74 अंक चढ़कर 75,398.72 अंक और एनएसई निफ्टी 277 अंक बढ़कर 23,689.60 अंक पर बंद हुए थे।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में