शेयर बाजार में लगाचार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 332 अंक फिसला

Ads

शेयर बाजार में लगाचार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 332 अंक फिसला

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 04:39 PM IST

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका के नए व्यापार शुल्क से उपजी चिंताओं के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 332 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 102 अंक नुकसान में रहा।

विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल के दाम में मजबूती कायम रहने, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बिकवाली से धारणा नकारात्मक रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 916.96 अंक यानी 1.20 प्रतिशत लुढ़ककर 75,474.43 तक गिर गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुदी आर ने कहा, ‘भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट में रहा, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिकी शुल्क की चिंताओं से निवेशक सतर्क रहे। एशियाई बाजारों की कमजोरी से भी घरेलू स्तर पर बिकवाली का दबाव बढ़ा।’

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.66 प्रतिशत गिरकर 96.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि पिछले सत्र में यह 100 डॉलर के पार चला गया था।

एशिया के अन्य बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी 5.72 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक भी नुकसान में रहे।

यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 363.66 अंक टूटकर 76,391.39 अंक और निफ्टी 126.65 अंक घटकर 23,869.60 अंक पर बंद हुए थे।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण