नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी आशियाना हाउसिंग लिमिटेड ने मजबूत उपभोक्ता मांग के बीच जयपुर में 372.45 करोड़ रुपये में 224 घर बेचे हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह राजस्व-साझेदारी संयुक्त उद्यम मॉडल के तहत 10.35 एकड़ में ‘आशियाना ओमा’ नाम से आवासीय परियोजना विकसित कर रही है। इस परियोजना में कुल 280 प्रीमियम मकान हैं।
यह परियोजना जयपुर के अजमेर रोड गलियारे पर मानसरोवर एक्सटेंशन के जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित है।
आशियाना हाउसिंग ने अब तक 224 आवासीय इकाइयां बेची हैं, जिनका कुल बिक्री योग्य क्षेत्रफल लगभग 4.80 लाख वर्ग फुट है, जबकि इनकी कुल बिक्री कीमत 372.45 करोड़ रुपये रही।
आशियाना हाउसिंग लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक अंकुर गुप्ता ने कहा, ‘‘आशियाना ओमा में रुचि-पत्रों (ईओआई) का बड़ी संख्या में पक्की बुकिंग में बदलना इस बात का संकेत है कि घर खरीदार सुव्यवस्थित आवासीय समुदायों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जहां खुली जगह, हरियाली, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और लंबे समय तक बेहतर मूल्य बना रहे।’’
आशियाना हाउसिंग देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास क्षेत्र में भी सक्रिय है। कंपनी के पोर्टफोलियो में 55 से अधिक परियोजनाएं शामिल हैं।
भाषा रमण यासिर
रमण