कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों,वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सेंसेक्स 730 अंक लुढ़का

Ads

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों,वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सेंसेक्स 730 अंक लुढ़का

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 10:14 AM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 10:14 AM IST

मुंबई, 28 सितंबर (भाषा) कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, वैश्विक अनिश्चितताओं और एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी पूंजी की बिकवाली ने भी शुरुआती कारोबार में निवेशकों की धारणा प्रभावित की।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 730 अंक टूटकर 73,170.12 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 231.50 अंक फिसलकर 22,908.95 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 2.27 प्रतिशत चढ़कर 106.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,693.93 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 315.20 अंक और निफ्टी 77.40 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका