घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी, सेंसेक्स 326 अंक और फिसला

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी, सेंसेक्स 326 अंक और फिसला

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी, सेंसेक्स 326 अंक और फिसला
Modified Date: August 19, 2026 / 04:23 pm IST
Published Date: August 19, 2026 4:23 pm IST

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) अमेरिका-ईरान विवाद का कोई कूटनीतिक समाधान नहीं निकलने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजार बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 326 अंक गिर गया जबकि निफ्टी में 77 अंक की गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 325.78 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 76,909.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 412.57 अंक तक गिरकर 76,822.89 अंक पर आ गया था।

यह सेंसेक्स में गिरावट का लगातार चौथा कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान सेंसेक्स 1,170.28 अंक यानी 1.49 प्रतिशत टूट चुका है।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 76.60 अंक यानी 0.32 प्रतिशत गिरकर 24,078.30 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी में गिरावट का लगातार सातवां सत्र है। इस दौरान निफ्टी 505.50 अंक यानी दो प्रतिशत तक गिर चुका है।

सेंसेक्स की कंपनियों में से पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, इटर्नल (जोमैटो), कोटक महिंद्रा बैंक और सन फार्मा के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

अनिश्चितता के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत बढ़कर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्षविराम की अवधि खत्म होने के बाद भी विवाद का कोई कूटनीतिक समाधान नहीं निकल पाने से कच्चे तेल की कीमतों और बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी हुई, जिससे बाजार में जोखिम से बचने की धारणा मजबूत हुई।

नायर ने कहा कि निवेशक फेडरल रिजर्व की बैठक का ब्योरा जारी होने से पहले भी सतर्क रहे, क्योंकि मुद्रास्फीति के खिलाफ अमेरिकी केंद्रीय बैंक के प्रयास जारी रहने की आशंका है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.80 प्रतिशत टूट गया। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी उल्लेखनीय गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त में रहा।

यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में गिरावट थी। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,651.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

मंगलवार को सेंसेक्स 492.70 अंक गिरकर 77,235.46 अंक और निफ्टी 132.75 अंक की गिरावट के साथ 24,154.90 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में